मंडी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिला मुख्यालय के पड्डल मैदान में कहा कि मंडी उनका घर-परिवार है और वह यहां विकास की गंगा बहाएंगे। भाजपा पर राहत कार्यों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर होता अगर मंडी जिले के सभी भाजपा विधायक इस कार्यक्रम में शामिल होते। कहा कि भाजपा नेता आम लोगों की पीड़ा के प्रति असंवेदनशील हैं और उनका एकमात्र उद्देश्य राजनीति करना और झूठ फैलाना है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि इस वर्ष आपदा के कारण हुई व्यापक क्षति को देखते हुए सरकार अपने सीमित संसाधनों से आपदा प्रभावितों को सहायता प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। कहा कि एक घर बनाने में एक परिवार की पूरी जिंदगी लग जाती है, इसलिए इन स्थितियों में 1.30 लाख रुपये की मुआवजा राशि कैसे काफी हो सकती है।
केंद्र सरकार घर के पुनर्निर्माण के लिए केवल इतनी ही सहायता राशि देती है, लेकिन एक साधारण पृष्टभूमि से संबंध रखने के कारण वह आम लोगों के दुख-दर्द से भली-भांति परिचित हैं। इसलिए उन्होंने पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के लिए मुआवजा राशि को 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया है और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2023 में राज्य सरकार ने 28,311 आपदा प्रभावितों को सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी तरीके से शराब के ठेकों की नीलामी करके एक साल में 450 करोड़ रुपये कमाए, जबकि पिछली भाजपा सरकार ने जनता के धन का दुरुपयोग किया। भाजपा सरकार ने ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्य भर में 1,000 करोड़ रुपये की इमारतें बनवाईं।
...
अनिल शर्मा बने चर्चा का केंद्र
समारोह में सदर विधायक अनिल शर्मा चर्चा का केंद्र रहे। मंच संचालन कर रहे जिला लोक संपर्क अधिकारी हेमंत ने संबोधन के लिए पहले तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी को मंच पर बुलाया। इस बीच अनिल शर्मा की आपत्ति पर अचानक ही बदलाव हुआ और उन्हें मंच पर संबोधन के लिए बुलाया गया। बाद में वक्ताओं के संबाेधन में भी अनिल शर्मा का जिक्र हुआ। इस तरह वह समारोह में चर्चा का केंद्र बन गए।
...
भाजपा को जमकर कोसा
आपदा राहत वितरण समारोह में सुक्खू सरकार ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं। पंचायत चुनाव से पहले हुए इस समारोह में सीएम सुक्खू ने खूब दरियादिली दिखाई। समारोह के दौरान हर वक्ता ने भाजपा नेताओं को जमकर कोसा। हालांकि मंच पर भाजपा विधायक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे, लेकिन उनकी हां में हां कांग्रेसी नेता मिलाते हुए नजर आए।
000