जिला कार्यकारिणी को लेकर सोहन लाल ठाकुर के बयान पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने नाराजगी जताई। मंच पर ही प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद थे। उनके सामने दोनों नेताओं में बहस हो गई। कार्यकर्ता भी अपनी कुर्सियों पर खड़े होकर बहस करने लगे। कार्यकर्ता भी मंच के करीब आकर बात को न बढ़ने के लिए कहने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी जमकर नारेबाजी की।
दरअसल पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ने कहा कि पूर्व में ऐसे जिलाध्यक्ष रहे हैं जिन्होंने 400 पदाधिकारियों और सदस्यों की लंबी चौड़ी कार्यकारिणी बना रखी थी। कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को शामिल कर दिया जो मंच पर पुष्प गुच्छ देकर पहले फोटो खिंचवाते बाद में फेसबुक पर इसे शेयर करते थे। धरातल पर ऐसे पदाधिकारियों का कोई योगदान पार्टी हित में नहीं होता था। आलम इस कदर रहता था कि 400 की कार्यकारिणी में से धरना प्रदर्शन में मुश्किल से 40 कार्यकर्ता-पदाधिकारी ही पहुंचते रहे हैं।