पशुओं को खुला छोड़ने पर 2100 रुपये वसूला जाएगा जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ऐहजू पंचायत में टैग लगे मवेशियों को खुले में छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ जन प्रतिनिधियों ने पुलिस चौकी चौंतड़ा में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस से संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पंचायत क्षेत्र में पशुओं को खुले में छोड़ने पर 2100 रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
पंचायत में लगातार छोड़े जा रहे मवेशियों की समस्या को लेकर जन प्रतिनिधियों ने खंड विकास अधिकारी को भी प्रस्ताव सौंपा है। पंचायत प्रधान बीरबल ने बताया कि मंडी-कांगड़ा सीमा से रात के अंधेरे में लगातार मवेशियों को पंचायत क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है। इससे हाईवे पर हादसों का खतरा बढ़ गया है और कई लोग घायल हो चुके हैं।
खंड विकास अधिकारी प्रतिमा ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में पशुओं को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग और पुलिस से भी मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया।