मंडी। आपसी विवाद में बल्ह घाटी के चुनाहन गांव में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति पर फावड़े (फरूए) से जानलेवा हमले करने का मामला सामने आया है। धनोटू पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिवांशु पत्नी विक्रम सिंह राठौर निवासी गांव प्रैण डाकघर लांगणा तहसील जोगिंद्रनगर ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह करीब 9:00 उनके पड़ोसी शिरिन कुमार गुप्ता ने मंदिर के अंदर उनके पिता राकेश कुमार के साथ फावड़े से जानलेवा हमला कर पिटाई की। इससे गंभीर चोटें आईं। महिला के अनुसार उनके पिता राकेश कुमार अपने घर के मंदिर की सफाई कर रहे थे।
लहूलुहान हालात में राकेश कुमार को नेरचौक मेडिकल काॅलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें एम्स के लिए रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल की और बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है। संवाद