क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोटी ने दिए परियोजना निदेशक को निर्देश, मंत्रालय जल्द भेजें डीपीआर
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी ने तय समयसीमा पर शेष कार्यों को पूरा करने के दिए निर्देश
किरतपुर-मनाली प्रोजेक्ट का नए क्षेत्रीय अधिकारी ने पहला दौरा कर लिया फीडबैक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एनएचएआई के नए क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोटी ने पदभार संभालने के बाद पहली बार किरतपुर-मनाली प्रोजेक्ट का दौरा किया। उन्हाेंने विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की और जानकारी हासिल की। उन्होंने कितरपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी बाईपास की निर्माणाधीनल टनल में भी दौरा किया। यहां निर्माण कार्यों को लेकर भी जानकारी ली। इसी के साथ टनल निर्माण पूरा होने और बाईपास शुरू करने की अवधि को लेकर भी जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने बैठक कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगाेटी ने प्रोजेक्ट के बचे हुए कार्यों समय सीमा के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोती ने बरसात के कारण फोरलेन प्रोजेक्ट को हुए भारी नुकसान का भी जायजा लिया। उन्होंने नुकसान को लेकर बनाई जा रही डीपीआर को जल्द से जल्द बनाकर मंत्रालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी को निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट रिपोर्ट स्थायी समाधान के साथ बनाई जाए, ताकि भविष्य में नुकसान की संभावना कम हो और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिले।
इसके अलावा कंपनियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दिल्ली भी बुलाया है। उच्चाधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। यहां पर बरसात के कारण हुए नुकसान की अभी तक न तो एनएचएआई भरपाई कर पाई है और न ही इंश्योरेंस कंपनियां। इस कारण निर्माण कार्यों में लगी कंपनियां भी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रही हैं, लेकिन आरओ ने इसके समाधान का भरोसा दिलाया है।
बता दें कि किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी से लेकर मनाली तक 2023 में बरसात के दौरान भारी नुकसान पहुंचा था। एनएच को जगह-जगह भारी नुकसान होने से इसे अस्थायी तौर पर बहाल किया गया है। अब नए क्षेत्रीय अधिकारी का फोकस स्थायी उपायों की तरफ है।
बॉक्स
देरी पर निर्माण कंपनियों को लगाई फटकार
कीरतपुर मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट में हो रही देरी को लेकर निर्माण कार्य में लगी कंपनियों को एनएचएआई के आरओ ने देरी को लेकर जमकर फटकार लगाई। आरओ कर्नल बरगोती ने सबसे पहले नागचला से पंडोह तक केएमसी कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
एनएचएआई के नए क्षेत्रीय अधिकारी मंडी बाइपास टनल में अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए।