जोगिंद्रनगर में आकर्षक झांकियों में नाचते झूमते नजर आए कृष्ण भक्त
राधा कृष्ण की वेशभूषा में सज धज कर नौनिहालों ने मस्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जोगिंद्रनगर में नन्हे बच्चों ने दही हांडी फोड़कर खुशियां मनाईं। बच्चों ने राधा कृष्ण की वेशभूषा में सजधज कर खूब मस्ती की। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से श्रीकृष्ण मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यह क्रम दोपहर बाद तक भी जारी रहा।
श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी को लेकर निजी और सरकारी स्कूलों में भी धूम रही। स्थानीय शशिकिरण शर्मा और विजय शर्मा ने लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना कर उनके जन्मदिवस का महत्व बताया। राधा कृष्ण की वेशभूषा में सजधज कर पहुंचे छोटे बच्चों के साथ आकर्षक झांकियां भी निकाली। शहर के सनातन धर्मसभा मंदिर में लड्डू गोपाल के साथ पहुंचे छोटे बच्चों ने श्रीकृष्ण के पालने को भी झुलाया। महिलाओं ने उपवास रखकर श्रीकृष्ण की अराधना की। यहां पर 6 दिन से चल रही श्रीमद् भागवत कथा में राधा कृष्ण और सुदामा श्रीकृष्ण की मित्रता के रोचंग व्यंग्य भी सुनाए और झांकियों के माध्यम से सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता को भी बताया।
इधर, ढेलू स्थित ईश्वरीय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यालय की मुखिया दीदी सावित्री ने श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इसके अलावा मुख्य बाजार में सनातन धर्मसभा मंदिर जोगेंद्रनगर, श्रीराम कलामंच, मां बंडेरी के अलावा क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों ने राधा कृष्ण की झांकियां निकालकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया।
बॉक्स
श्रीकृष्ण की महिमा का किया गुणगान
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर जोगिंद्रनगर में रात 12 बजे तक जारी भजन संध्याओं में स्थानीय और प्रदेश के भजन गायक कलाकारों ने श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया। मध्य रात्रि श्रीकृष्ण के जन्मदिवस पर महाआरती उतारकर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इस दौरान शहरभर में पटाखे भी फोड़े और अलग-अगल प्रकार के व्यंजन भी कृष्ण भक्तों को प्रसाद स्वरूप बांटे गए।