मंडी। जिला मंडी में ब्यास समेत अन्य खड्डों में लोगों को डूबने से बचाने के मकसद से पुलिस विभाग रिमोट कंट्रोल से संचालित लाइफ सेविंग बोट का इस्तेमाल करेगा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी ने हिमाचल होमगार्ड छठी बटालियन मंडी को लाइफ सेविंग बोट सौंपी है। पड्डल मैदान में लगाई प्रदर्शनी के दौरान लाइफ सेविंग बोट आकर्षण का केंद्र रही।
मंडी जिले में हर साल ब्यास में डूबने के मामले आते रहते हैं। ऐसे में रेस्क्यू करने में यह बोट कारगर सिद्ध होगी। अधिकारियों के अनुसार लाइफ सेविंग बोट में लगे रिसीवर में संदेश जाएगा। इसके बाद वह उसी के अनुरूप काम करेगा। बोट गहराई में नहीं जाएगी लेकिन बहते हुए व्यक्ति को बचाने में काफी सक्षम रहेगी।
बोट को अकेले या रेस्क्यू करने वाले व्यक्ति के साथ भी भेजा जा सकता है। बोट अढ़ाई मिनट में करीब एक किलोमीटर तक का सफर पानी में कर सकती है। तीन किलोमीटर इसकी रेंज है। हिमाचल होमगार्ड छठी बटालियन मंडी के कंपनी कमांडर प्रदीप ठाकुर ने बताया कि रिमोट कंट्रोल से संचालित लाइफ सेविंग बोट रेस्क्यू के लिए काफी सक्षम है। जिले में यह इकलौती बोट विभाग को मिली है। संवाद