जोधपुर में विहिप की केंद्रीय बैठक में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेवारी
छह साल से हिमाचल प्रांत के अध्यक्ष का संभाल रहे थे दायित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। विश्व हिंदू परिषद की हाल ही में राजस्थान के जोधपुर में हुई केंद्रीय बैठक में हिमाचल प्रांत के अध्यक्ष लेखराज राणा को क्षेत्रीय मंत्री का दायित्व दिया गया है। वीरवार को विश्व हिंदू परिषद जिला सुंदरनगर ने उन्हें यह दायित्व मिलने पर सम्मानित किया। लेखराज राणा पिछले छह साल से विश्व हिंदू परिषद हिमाचल प्रांत के अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।
लेखराज राणा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को दायित्व प्रदान करना संगठन की प्रक्रिया है और दायित्व का निर्वहन करना कार्यकर्ताओं की पहचान है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय मंत्री के नाते अब इंद्रप्रस्थ क्षेत्र उनका कार्यक्षेत्र रहेगा। इंद्रप्रस्थ क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू एवं कश्मीर तथा लद्दाख प्रांत शामिल हैं। उन्होंने बताया डॉ. केशव वर्मा को प्रांत अध्यक्ष, तुषार डोगरा को प्रांत मंत्री और डॉ. सुनील जसवाल को प्रांत उपाध्यक्ष का दायित्व प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया विश्व हिंदू परिषद षष्ठी पूर्ति वर्ष के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रांत अपने सभी 123 प्रखंडों में स्थापना दिवस के कार्यक्रम 24 अगस्त से 1 सितंबर तक कर्मठता से आयोजित करेगा। इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के अन्य प्रांतों में भी कार्यक्रमों को आयोजित करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रांत के सह मंत्री रमेश परमार, प्रांत धर्म प्रसार सह प्रमुख शक्ति सिंह ठाकुर, मंडी विभाग अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर, मंडी विभाग सेवा प्रमुख पूर्ण चौहान, प्रांत मातृ शक्ति संयोजिका रजनी ठाकुर, मंडी विभाग मातृ शक्ति संयोजक कांता शर्मा, जिला अध्यक्ष रोहताश वर्मा, जिला मंत्री महेंद्र राणा, रीमा, रोशनी देवी व भावना, बजरंग दल संयोजक रवि चौहान, रितेश कुमार, रमेश कुमार तथा सुदर्शन चौधरी भी उपस्थित रहे।