गोहर (मंडी)। उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) गोहर ने बीते शुक्रवार को ग्राम पंचायत तांदी का दौरा किया। भूस्खलन से गांव तांदी और बाखली में भारी नुकसान हुआ है।
इस प्राकृतिक आपदा के चलते लगभग 20 परिवारों के घरों और भूमि को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है जबकि दो अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के मालिक को 20 हजार रुपये की त्वरित सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा जिन मकानों में दरारें आई हैं उन परिवारों को 25 तिरपाल वितरित किए गए। एसडीएम ने ग्राम पंचायत तांदी के प्राथमिक विद्यालय का भी जायजा लिया जहां स्कूल भवन की स्थिति गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाई गई। संवाद