मंडी-पंडोह के बीच नौ मील स्थान पर पहाड़ी से उच्च मार्ग पर गिरा मलबा संवाद
- फोटो : Mandi
मंडी। राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली पर नौ मील के पास भूस्खलन से यातायात करीब छह घंटे बाधित रहा। रात तीन बजे बंद मार्ग शुक्रवार सुबह नौ बजे बहाल हो सका है।
ऐसे में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिला प्रशासन ने वाहनों को मंडी-कुल्लू वाया कटौला और पंडोह डडौर वाया गोहर के रास्ते भेजा। इस दौरान एनएचआई की फोरलेन निर्माण में जुटी कंपनी की मशीनरी मार्ग बहाली में जुट गई है। छह घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल किया गया। रात को ही ट्रैफिक वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। जो लोग भूस्खलन वाले स्पाट के करीब फंसे थे उन्हें अतिरिक्त सफर करके वैकल्पिक रास्तों से गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
एएसपी आशीष ने बताया कि 9 मील के पास एनएच बंद हो गया। सूचना मिलते ही वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। मार्ग बहाली में करीब छह घंटे का समय लग गया। सुबह नौ बजे आवाजाही बहाल कर दी गई है। उन्होंने बारिश के दिनों में चालकों से संभलकर चलने की अपील की।