मझवाड़ में संबोधन देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। स्त्रोत्- विभाग
मंडी। सदर विधानसभा क्षेत्र के कोटमोर्स और मझवाड़ के दौरे के दौरान शुक्रवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नव निर्मित स्कूल भवनों के लोकार्पण किए। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटमोर्स में 71 लाख रुपये की लागत और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझवाड़ में 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण किया।
उन्होंने जनसभा में कहा कि 4 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया राज्य चयन आयोग के माध्यम से जारी है जिन्हें शीघ्र भरा जाएगा। कहा कि मंडी कॉलेज प्रदेश के सबसे पुराने महाविद्यालयों में से एक है और इस महाविद्यालय के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए लगभग 16.45 करोड़ की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। महाविद्यालय निर्माण पर अब तक 45 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष धन राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन शिक्षण संस्थानों, जिनका कार्य 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है उन्हें जल्द शेष बजट उपलब्ध करवा कर पूरा किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटमोर्स में मंच निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझवाड़ के भवन निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, खो-खो खेल को बढ़ावा देने के स्कूल में खो-खो मैट और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर, बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक तिलक राज, एसडीएम सदर रूपेंद्र कौर और अन्य मौजूद रहे।
000