ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के कोटली में डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्वीकृति दे दी है और जल्द ही कैबिनेट में अप्रूवल दिलाई जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि इसी साल से कोटली में कॉलेज शुरू किया जाए।
अनिल शर्मा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मंडी शहर में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए विक्टोरिया पुल के साथ ही ब्यास नदी पर नये का पुल का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने पुल की 31.42 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की है। जल्द ही पुल के टेंडर अवार्ड किए जाएंगे। मंडी शहर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 82.18 करोड़ की ऊहल उठाऊ पेयजल स्कीम का काम तेजी चल रहा है।
4.4 किलोमीटर तक पाइपें बिछाई जा चुकी है। अगले साल अक्तूबर तक इस योजनाओं को तैयार करने के लिए नियमित रूप से काम की मॉनीटेरिंग की जा रही है। इस पेयजल स्कीम के तहत शहर में नौ हजार इलेक्ट्रॉनिक पेयजल मीटर लगाए जाएंगे। कैहनवाल पेयजल स्कीम का जल्द ही उद्घाटन कर जनता को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की अमृत योजना के तहत मंडी शहर के लिए सीवरेज की डीपीआर बन रही है।
उन्होंने नगर परिषद से आग्रह किया शहर में पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित कर प्रपोजल तैयार करें। कैबिनेट से मंजूरी दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। शहर के खलियार के पास डंपिंग साइट को लिंक रोड बनाने के लिए मुख्यमंत्री से एक करोड़ रुपये की मांग की गई है। इस मौके पर एसडीएम सदन मदन कुमार के अलावा आईपीएच और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद थे।