ओपन वर्ग में जतिन और पलक रहे अव्वल
जिला प्रशासन ने करवाई एंटी चिट्टा मिनी मैराथन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला प्रशासन मंडी की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत नसलोह में शाढ़नू मेले के उपलक्ष्य में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन करवाई गई। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मिनी मैराथन में कुल 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 150 पुरुष और 50 महिलाएं शामिल रहीं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
अंडर-16 पुरुष वर्ग में कार्तिक कत्याल ने प्रथम, मोहित ने द्वितीय और रोहित ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, अंडर-16 महिला वर्ग में रविवा शर्मा प्रथम, सिमरन द्वितीय और जाह्नवी तृतीय स्थान पर रहीं।
16 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में जतिन प्रथम, तिलक राज द्वितीय और शशि ठाकुर तृतीय रहे। महिला वर्ग में पलक ने प्रथम, गीतांजलि ने द्वितीय और सोनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।