दसवीं पास बेरोजगार युवाओं के लिए सिक्योरिटी गार्ड बनने का सुनहरा मौका है। एक नामी कंपनी जोगिंद्रनगर में सिक्योरिटी गार्ड के लिए भर्ती करेगी। सिक्योरिटी गार्ड को वेतन के अलावा अन्य सुविधाएं दिए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं, चयन के बाद एक माह का आवासीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ब्रांच चंडीगढ़ 28 सितंबर को जोगिंद्रनगर उप रोजगार कार्यालय में कैंपस इंटरव्यू आयोजित करेगी।
इंटरव्यू में शामिल होने के लिए युवक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, वजन 55 किलोग्राम और सीना 32-34 होना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पड़ाव पार करने पर युवक को डेढ़ सौ रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। चयनित उम्मीदवारों को सात से नौ हजार रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। चयन के बाद एक माह के लिए युवक को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सुविधाओं में पीएफ, पेंशन, विधवा पेंशन, ग्रेच्युटी, ग्रुप इंश्योरंस, ईएसआई द्वारा मेडिकल, ओवर टाइम, रियायती आवास एवं मेस, स्थानांतरण पर टीए, डीए और योग्य दो बच्चों को देश के अग्रणी आईपीएस स्कूल देहरादून में पढ़ाने की सुविधा दी जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र उम्मीदवार को दसवीं का प्रमाण पत्र एवं उसकी छाया प्रति, हिमाचली बोनोफाइड प्रमाण पत्र, एक पासपोर्ट साइट फोटो साथ लाना होगा। इस संबंध में कंपनी के भर्ती अधिकारी जय किशन ने बताया कि जोगिंद्रनगर में 80 सुरक्षा जवानों की भर्ती की जाएगी। कंपनी की ओर से चयनित उम्मीदवारों को वेतन सहित अन्य आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।