नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के ऐतिहासिक कंसा मैदान में आयोजित होने वाला पारंपरिक दंगल (छिंज) इस वर्ष भी धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कंसा छिंज कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से पहुंचे पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। दंगल में करीब 200 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया, जिससे पूरे आयोजन में जोश और उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दंगल देखने पहुंचे और मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया। बड़ी माली के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश के जावेद और बिलासपुर के बलबीर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में जावेद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
छोटी माली के मुकाबले में कंसा अखाड़ा के अंकू ने बिलासपुर के अभी को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। दोनों ही मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित बनाए रखा। आयोजन समिति की ओर से बड़ी माली के विजेता जावेद को 6100 रुपये नकद और गुर्ज तथा उपविजेता को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। छोटी माली में विजेता अंकू को 3100 रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता को 2100 रुपये नगद प्रदान किए गए। दंगल के सफल आयोजन से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और पारंपरिक खेलों के प्रति लोगों का उत्साह साफ झलकता नजर आया।