20 जुलाई तक अपनी पसंद का ट्रेड का चयन करना होगा
30 जुलाई को पहली सीट आवंटन सूची होगी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वीरवार को प्रदेश के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 13 से 19 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
अभ्यर्थियों को 20 जुलाई तक अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थानों का चयन करना होगा, जबकि खेल प्रमाणपत्रों का सत्यापन 21 जुलाई को निर्धारित संस्थानों में किया जाएगा। प्रथम चरण की सीट आवंटन सूची 30 जुलाई को जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 5 अगस्त तक मूल प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित आईटीआई में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। इसके बाद रिक्त सीटों की सूची 7 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले प्रोस्पेक्टस और दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।
आवेदन के दौरान 200 केबी से कम आकार का पासपोर्ट फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य होगा। प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 1800-180-8027 पर संपर्क कर सकते हैं।