मंडी/जोगिंद्रनगर/सरकाघाट। आयुष विभाग ने आयुर्वेदिक अस्पताल मंडी परिसर में आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यतिथि के रूप में जोन के उपनिदेशक डॉ. राजन सिंह ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में आयुर्वेद संतुलित जीवनशैली और प्राकृतिक स्वास्थ्य का सबसे बेहतर मार्ग है।
शिविर में आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा औषधियां भी वितरित कीं। साथ ही नागरिकों को आहार, दिनचर्या और योग के माध्यम से स्वस्थ रहने की जानकारी दी। जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य समाज में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इधर, उपमंडलीय आयुर्वेदिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलीय आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी डॉ. रक्षक पाल ने की। एसडीएम मनीश चौधरी ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रदर्शित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान अश्वगंधा के पौधे भी लगाए गए। वहीं आयुर्वेद दिवस पर 256 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
सरकाघाट के बरच्छवाड़ में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ उपमंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. हेमलता ने भगवान धनवंतरी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में मर्म चिकित्सा, कपिंग थेरेपी, प्रकृति परीक्षण, शुगर टेस्ट, ऋतुचर्या, दिनचर्या, आहार-विहार और योग एवं योगासन पर विशेष जानकारी दी गई। शिविर में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।