थुनाग (मंडी)। सराज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। प्रशासन जंजैहली और थुनाग में लाइब्रेरी स्थापित करने जा रहा है। इसके अलावा छतरी और बागाचनोगी में भी लाइब्रेरी स्थापित करने का लक्ष्य है। जंजैहली और थुनाग में लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पहले चरण में जंजैहली में बीडीओ ऑफिस सराज जबकि थुनाग में पंचायत कार्यालय भवन में लाइब्रेरी खोली जा रही है। उसके बाद थुनाग उपमंडल में क्लस्टर चिह्नित कर लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना है। जंजैहली की लाइब्रेरी में एक समय में 30 जबकि थुनाग में 35 से 40 युवाओं के बैठने का प्रबंध किया जा रहा है। यहां पर विद्यार्थी बिना फीस दिए पढ़ाई कर सकते हैं।
लाइब्रेरी में युवाओं को पढ़ाई से संबंधित हर विषय की किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी। युवाओं को इंटरनेट की सुविधा मिलेगी और युवा ऑनलाइन पढ़ाई भी कर पाएंगे। लाइब्रेरी में अखबार, मैगजीन और बच्चों के मनोरंजन की किताबें भी होंगी।
लाइब्रेरी खुलने से सराज के विद्यार्थियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी। जरोल के अंकुश ने बताया कि उनके पास इतने संसाधन नहीं हैं कि वह किराए का कमरा लेकर मंडी या शिमला में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करे। उन्हें जंजैहली में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए पठनीय सामग्री मिलेगी तो वह यहीं रहकर तैयारी करेंगे। थुनाग की सिमरन ने इस प्रयास का स्वागत किया।
....
एसडीएम करेंगे मॉनिटरिंग
एसडीएम थुनाग रमेश कुमार इस योजना पर काम कर रहे हैं। वह यह काम पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से करने जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय बुद्धिजीवी लोगों से अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए इस पहल में सहयोग देने का आह्वान किया। कहा कि इससे न केवल बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए माहौल मिलेगा बल्कि बच्चों को नशे से भी दूर रखा जा सकता है।
000