जोगिंद्रनगर अस्पताल में बच्चों के साथ पहुंचे परिजन, ओपीडी पर लटका मिला ताला संवाद
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। एक शिशु चिकित्सक के स्थानांतरित और दूसरे के कोरोना संक्रमित होने पर सोमवार को जोगिंद्रनगर सिविल अस्पताल की शिशु ओपीडी पर ताला लटका रहा।
दूरदराज से बच्चों के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों को इससे मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ ने निजी चिकित्सालयों की शरण ली। लोगों ने अब प्रतिनियुक्ति पर अस्पताल में शिशु विशेषज्ञ चिकित्सक की है। सोमवार को काफी संख्या में नवजात शिशुओं को लेकर अभिभावक अस्पताल पहुंचे। इन्हें सुविधा न मिलने पर निराश लौटना पड़ा। अस्पताल की अन्य सामान्य ओपीडी में शिशुओं के उपचार के लिए कुछ चिकित्सकों की तैनाती कर रखी है लेकिन शिशु चिकित्सक के अस्पताल में न होने से अभिभावक शिशुओं के उपचार के लिए कतरा रहे हैं। ऐसे में अस्पताल में प्रतिनियुक्ति पर शिशु विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की है।
अस्पताल में रोजाना शिशु की करीब 80 ओपीडी होती है। सीएमओ मंडी डॉॅ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि जोगिंद्रनगर अस्पताल में एक साथ दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की अनुपस्थिति से मरीजों को असुविधा हो रही है। मामला ध्यान में आया है। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को सभी प्रकार के मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की हिदायत दी है।