सुंदरनगर स्थित राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज में कन्या छात्रावास का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री जयराम ठ?
- फोटो : Mandi
सुंदरनगर (मंडी)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार शैक्षणिक संस्थानों को सुदृढ़ कर रही है। सुंदरनगर में राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज के कन्या छात्रावास का लोकार्पण पर सीएम ने कहा कि भवन में 69 छात्राओं को रहने की सुविधा मिलेगी। इस भवन को रिकार्ड 16 महीने में तैयार किया गया है।
इसके लिए उन्होंने निष्पादन एजेंसी बीएसएनएल के प्रयासों की सराहना की। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में शैक्षणिक संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए संकल्पबद्ध है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों। सुंदरनगर में अनेक विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास होने हैं। इसके लिए वह आने वाले दिनों में सुंदरनगर का दौरा करेंगे।
सुंदरनगर को पिछले तीन वर्षों में करीब 400 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विधायक राकेश जंवाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सुंदरनगर पहुंचने पर स्वागत किया। विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों की राशि मंजूर करने पर उनका आभार जताया।
इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा एवं उपाध्यक्ष रक्षा धीमान, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा विवेक चंदेल, राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज के प्रधानाचार्य नीरज उप्पल, प्रताप ठाकुर, ओमप्रकाश नायक, सुरेंद्र पाल, धर्मपाल अवस्थी, भूपेंद्र ठाकुर सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
इधर, मुख्यमंत्री ने भंगरोटू में निर्माणाधीन प्री-फेब्रिकेटिड अस्पताल के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
0000