लोक निर्माण विभाग ने लोगों को दी चेतावनी, सकोडी पर जमीन की निशानदेही पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी-रिवालसर सड़क के विस्तारीकरण को लेकर हाल में लोक निर्माण विभाग ने जेल से ऊपर की जमीन की निशानदेही के बाद 16 लोगों को चार दिनों में अवैध कब्जे हटाने होंगे। इसके लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस की अवधि पूरी होने पर लोक निर्माण विभाग ने उक्त लोगों को अब चार दिन का समय कब्जे हटाने के लिए दिया है। इसके बाद विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
इसे लेकर मंगलवार को विभाग ने कब्जा किए लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान लोगों ने अवैध कब्जे हटाने का विभाग के अधिकारियों को आश्वासन दिया है। उधर, जेल से नीचे सकोडी चौक पर लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार को जमीन की निशानदेही की प्रकिया पूरी कर ली। अब यहां पर भी लोगों को अवैध कब्जे हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
बता दें कि मंडी-रिवालसर सड़क के विस्तारीकरण किया जा रहा है। इसके लिए निशानदेही प्रक्रिया चली हुई है। इसमें अवैध कब्जे सामने आए थे। इस पर अब कार्रवाई का सिलसिला जारी है। नोटिस की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। अब आगामी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीके वर्मा ने बताया कि जेल से ऊपर विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले 16 लोगों को नोटिस दिए थे। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। जेल से नीचे सकोडी चौक पर जमीन की निशानदेही पूरी हो गई है। उन्होंने अवैध कब्जाधारकों से स्वयं ही कब्जा हटाने की अपील की है।