फुटकर विक्रेताओं को मौके पर पक्का बिल जारी करने के निर्देश
कृषि उपज मंडी समिति मंडी की बैठक में लिए निर्णय, आढ़तियों को दिए सख्त आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। कृषि उपज मंडी समिति मंडी की बैठक मंगलवार को एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्व-सम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर मंडी जिला में समस्त मंडियों के पंजीकृत आढ़तियों को निर्देश जारी किए गए कि सुबह 5:00 से 7:00 बजे तक खुली बोली होती है तो फुटकर विक्रेताओं को (क्यू फार्म) पक्का बिल मौके पर जारी करें। ताकि फुटकर विक्रेता प्रशासन की ओर से निर्धारित मूल्य पर आम व्यक्तियों को अपने फल-सब्जियां बेच सकें।
बैठक में जिला मंडी के समस्त आढ़तियों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि जो फल सब्जी मंडी डडौर, घनोटू और चैलचौक से दूरदराज के क्षेत्र में जाती है, उस गाड़ी के साथ क्यू फार्म (पक्का बिल) अवश्य दें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिना पक्का बिल के गाड़ी वाले को तीन हजार रुपये जुर्माना देना पड़ेगा। सब्जी मंडी के 310 मीटर में फल-सब्जी जाती है तो आढ़ती 10:00 बजे तक फुटकर विक्रेता को क्यू फार्म (पक्का बिल) दे सकते हैं, ताकि आढ़तियों को अपना कारोबार करने में परेशानी न हो।
संजीव गुलेरिया ने कहा कि प्राय: देखने में आया है कि अधिकतर सब्जी विक्रेता निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर अपनी सामग्री बेच रहे हैं। इस संबंध में समिति के अध्यक्ष ने औचक निरीक्षण कमेटी का गठन किया। जिसमें खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया। यह भी निर्देश दिए कि सभी फल-सब्जी विक्रेता दुकानों के सामने रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें। कहा कि भाव का सत्यापन पक्का बिल से किया जाएगा।