सुंदरनगर कपाही सड़क पर कीचड़ में फंसी एचआरटीसी की बस। स्त्रोत: जागरूक पाठक
सुंदरनगर-कपाही मार्ग के टेढ़की में हुआ हादसा, बाल-बाल बचे सवार
लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर-कपाही मार्ग पर मंगलवार सुबह लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर डाली गई चिकनी मिट्टी एचआरटीसी बस के लिए खतरा बन गई। टेढ़की के पास चढ़ाई वाले मोड़ पर फिसलन के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया लेकिन चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क मरम्मत के लिए डाली गई मिट्टी बारिश के बाद कीचड़ में बदल गई, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई। बस के फिसलने से कुछ देर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चढ़ाई वाले हिस्से में मिट्टी डालने का पहले भी विरोध किया गया था लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं और आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं।ग्रामीण तेज राम, ओम प्रकाश, टेक चंद, नीलिमा सहित अन्य लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रोशन ठाकुर ने बताया कि सड़क पर गटका डाला गया है और मार्ग को सुचारु रखने के लिए जेसीबी व टिपर तैनात हैं। उन्होंने कहा कि मामले की रिपोर्ट तलब कर जांच कराई जाएगी।