सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की मासिक बैठक बुधवार को इकाई प्रधान अमी चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों ने पिछले माह की पेंशन 10 तारीख से पहले खातों में जारी करने और लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान पर राज्य सरकार का आभार जताया।
इस दौरान 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 10 वरिष्ठ पेंशनरों प्रेम सिंह अत्री, जय देव, दीप राम, ख्याली राम, प्रकाश चंद, प्रेम सिंह, अमर सिंह, मनसा राम, हेम राज और हाकम चंद को संगठन में लंबे योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान पर रमेश चंद भारद्वाज को भी सम्मानित किया गया। बैठक में अध्यक्ष अमर सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष लाल सिंह, महासचिव रणजीत सिंह, उपाध्यक्ष मदन मोहन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और पेंशनर उपस्थित रहे।