मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच खड़ी हो गई बस
दूल्हा-दुल्हन और बारातियों की गाड़ियां भी फंसीं, पुलिस ने संभाला मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को उस समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चलती बस बीच सड़क पर तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। शहर के लक्ष्मी बाजार स्थित गुगली खड्ड के समीप बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे उसके पहिये जाम हो गए और बस सड़क के बीचोबीच खड़ी हो गई।
बस के खराब होते ही हाईवे के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुंदरनगर से पठानकोट जा रही इस बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिन्हें बैजनाथ, पालमपुर, कांगड़ा और पठानकोट जाना था। जानकारी के अनुसार बस सुंदरनगर से रवाना होने के बाद से ही तकनीकी खराबी से जूझ रही थी। अपराह्न करीब 11:30 बजे जोगिंद्रनगर बस स्टैंड से निकलने के महज 500 मीटर बाद ही इसमें फिर खराबी आ गई। रविवार होने के कारण हाईवे पर यातायात का दबाव अधिक था, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
जाम में शादी समारोह में जा रहे दूल्हा-दुल्हन और बारातियों के वाहन भी घंटों फंसे रहे। छोटे वाहनों को किसी तरह निकाला गया, जबकि बड़े मालवाहक और पर्यटक वाहन करीब दो घंटे तक रेंगते रहे। मौके पर तैनात पुलिस जवान रणबीर और रवींद्र ने मुस्तैदी दिखाते हुए यातायात व्यवस्था संभाली तथा आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित निकाला। दोपहर करीब दो बजे मेकेनिक ने बस की मरम्मत की, जिसके बाद उसे सड़क से हटाया गया और यातायात सुचारु हो सका।
तकनीकी खराबी से लगा जाम
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि सुंदरनगर से पठानकोट जा रही निगम की बस जोगिंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार (गुगली खड्ड) के पास तकनीकी खराबी के कारण रुक गई थी। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय पुलिस और हाईवे पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालकर यातायात को नियंत्रित किया।