कुन्नू कुफरी रुट पर गई एचआरटीसी जोगिद्रनगर डिपो की बस बटाहर के पास हुई दुर्घटनाग्रस्त। स्रोत जा
सड़क से नीचे लुढकी बस के उड़े परखच्चे, चालक ने छलांग मार बचाई जान
ब्रेक फेल होना बताया जा रहा हादसे का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। कुन्नू कुफरी रूट पर गई एचआरटीसी जोगिंद्रनगर डिपो की बस बुधवार सुबह बटाहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बस को मोड़ते वक्त हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम एचआरटीसी पंकज चड्डा जांच के लिए बटाहर गांव पहुंचे।
बुधवार सुबह साढ़े 6 बजे बस वाया सरौंझ जोगिंद्रनगर के लिए रवाना हो रही थी। चालक बस को बटाहर बस ठहराव के पास मोड़ रहा था। इस दौरान परिचालक जितेंद्र कुमार बस के बाहर था। ढलान पर मिट्टी में बस के फिसलने और ब्रेक फेल होने से वह ट्रैक के बाहर चली गई। बस सड़क से लगभग 125 मीटर नीचे गिर गई। बस की स्टपनी खुलकर लगभग 500 मीटर नीचे जा पहुंची। बस के परखचे उड़ गए। चालक गोपाल सिंह ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
गनीमत यह रही कि बस में कोई भी सवारी नहीं बैठी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे की जांच करने डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा टेक्नीकल टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ आरएम बैजनाथ सुशांत धीमान भी मौके पर मौजूद रहे। जांच टीम ने परिचालक के बयान भी कलमबंद किए। डीएम ने जांच टीम को हादसे की शीघ्र जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए है। कहा कि जांच रिपोर्ट सामने आने पर आगे की कार्रवाई होगी।