मंडी। कोटली पंचायत के हारट नचयाहली में वीरवार देर रात आग से दो परिवारों का दस कमरों का मकान जलकर राख हो गया है। घटना में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ लेकिन दोनों परिवारों की करीब पचास लाख की संपत्ति राख हो गई है।
एसडीएम ने घटनास्थल पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया है। प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार की राहत दी है। यह मकान जीत राम और उसके भतीजे हरीश कुमार का है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वीरवार रात को भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे कि जंगल के साथ सटे उनके घर में अचानक आग लग गई।
लकड़ी और मिट्टी से बने मकान में देखते ही देखते आग इतनी अधिक भड़क गई कि सदस्यों ने जैसे तैसे घर से बाहर निकलकर जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास के गांवों के लोग पहुंच गए। ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुट गए लेकिन आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। ग्रामीण रात 12 बजे तक आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। जिला मुख्यालय से दमकल वाहन भी रात को पहुंच गया, लेकिन तब तक मकान में भड़की आग से सब कुछ जलकर राख हो गया था।
अनाज, कपड़े, गहने, बर्तन समेत मकान में रखा सब कुछ जल गया। सूचना मिलने पर एसडीएम रमेश कुमार रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए।
सुबह होने पर स्थानीय विधायक अनिल शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान निशा देवी, पंचायत समिति सदस्य अरुण, उपप्रधान मोहन लाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।
एसडीएम कोटली रमेश कुमार ने बताया कि कोटली पंचायत के हारट नचयाहली गांव में आग लगने से दो परिवारों का मकान जल कर राख हुआ है। दोनों परिवारों का करीब पचास लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार रुपये तथा एक-एक तिरपाल फौरी राहत के रूप में प्रदान की गई है।