सुंदरनगर (मंडी)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सुंदरनगर और रिवालसर में आयोजित होने वाले मेलों में पहली बार मिस हिमाचल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सुंदरनगर में राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला होता है जबकि रिवालसर मे छेश्चू मेले का आयोजन किया जाता है। इस प्रतियोगिता में पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 5 मार्च तक बढ़ाई गई है।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि राज्य स्तरीय छेश्चू मेला रिवालसर और राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में प्रतियोगिताओं के विभिन्न राउंड आयोजित होंगे। 6 और 7 मार्च को ग्रूमिंग राउंड सुंदरनगर के कामाक्षा पैलेस में होगा। 8 और 9 मार्च को रिवालसर मेले में और अंतिम राउंड सुंदरनगर नलवाड़ मेला में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि केवल विवाहित महिलाओं के लिए तीन आयु श्रेणी में प्रतिभागी आवेदन कर सकते हैं। इसमें आयु श्रेणी 21 से 30 वर्ष के लिए मिस हिमाचल, आयु श्रेणी 31 से 40 क्लासिक मिस हिमाचल और आयु श्रेणी 40 वर्ष से ऊपर आयु वाली महिलाएं सुपर मिस हिमाचल के लिए आवेदन कर सकती हैं। प्रत्येक आयु श्रेणी की विजेता महिलाओं को 21-21 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। कहा कि प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए एसडीएम बल्ह कार्यालय 01905-242001 और एसडीएम सुंदरनगर कार्यालय 01907-266001 से संपर्क कर सकती हैं। संवाद