नई मशीन लगाने के लिए जगह चिह्नित
पुरानी मशीन को हटा कर स्थापित की जाएगी 500 एमए की हाईटेक एक्स रे मशीन
अस्पताल प्रशासन ने पूरी की औपचारिकताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल में पुरानी सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों को जल्द ही बदलकर उच्च क्षमता वाली आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए परिसर में स्थान भी चिह्नित कर लिया है। नई मशीनों के लगने से मरीजों को जांच के बाद अधिक सटीक और बेहतर रिपोर्ट मिल सकेगी।
अस्पताल में क्रस्ना कंपनी के माध्यम से पीपीपी मोड पर संचालित 16 स्लाइस की पुरानी सीटी स्कैन मशीन को हटाकर 155 स्लाइस की नई मशीन स्थापित की जाएगी। वहीं, लंबे समय से खराब पड़ी 200 एमए की एक्स-रे मशीन की जगह 500 एमए क्षमता वाली डिजिटल मशीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को मशीनों की खरीद के लिए प्रदेश सरकार से बजट की मंजूरी मिल चुकी है।
वर्तमान में अस्पताल में रोजाना करीब 10 से 12 मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा मिल रही है। नई मशीन से जांच की गुणवत्ता और सटीकता में सुधार के साथ कम समय में अधिक मरीजों की जांच संभव होगी।
वहीं, पुरानी एक्स-रे मशीन में बार-बार खराबी आने के कारण मरीजों को रेडक्रॉस सोसायटी की डिजिटल मशीन या निजी लैब में जांच करवानी पड़ रही थी। निजी लैब में उन्हें इसके लिए अधिक शुल्क चुकाना पड़ रहा था। अस्पताल प्रबंधन ने मशीन की खराबी की जांच के लिए संबंधित कंपनी के इंजीनियर को बुलाया था। जांच में मशीन में तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई।
अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज भेजी गई अतिरिक्त एक्स-रे मशीन को भी वापस मंगवा लिया है। अब खराब मशीन को हटाकर 500 एमए की नई डिजिटल मशीन स्थापित की जाएगी। इससे एक्स-रे प्लेट अधिक स्पष्ट और सटीक आएंगी, जिससे चिकित्सकों को बीमारी का सही निदान और उपचार करने में मदद मिलेगी।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि उच्च अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद मशीनों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नई मशीनें स्थापित होने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों को त्वरित और बेहतर जांच सुविधाएं मिलेंगी।