सुंदरनगर/डैहर (मंडी)। जल शक्ति विभाग के मल्टीपर्पज वर्कर्स संघ ने प्रदेश सरकार से नियमितिकरण की मांग उठाई है। संघ के जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने वादा किया था कि इस वर्ग के लिए नीति बना कर नियमित किया जाएगा। पैरा वर्कर पॉलिसी का मुद्दा 25 अक्तूबर को आयोजित की गई मंत्रिमंडल की बैठक में तय हुआ था।
इसमें पैरा वर्कर, मल्टी पर्पज वर्कर, पैरा फिटर और पंप ऑपरेटरों के लिए नीति बनाने पर विचार और वेतन बढ़ोतरी पर चर्चा हुई थी। वर्करों ने कई बार प्रदेश सरकार से इस के बारे में मांग उठाई है कि इस वर्ग के लिए नीति बना कर पांच साल बाद नियमित किया जाए। कहा कि सरकार ने हर बार इस वर्ग की अनदेखी ही की है। उन्होंने सरकार को चेताया कि मांगों को लेकर पैरा वर्कर शीघ्र ही शिमला में रैली और धरना-प्रदर्शन करेंगे। संवाद