मंडी। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (मनकोटिया गुट) के महासचिव एवं अखिल भारतीय लैब टैक्नीशियन जिला इकाई के प्रधान अमरजीत शर्मा ने मुख्यमंत्री से हिमाचल में डॉक्टरों के लिए बढ़ाई गई 60 साल की रिटायरमेंट आयु सीमा की तरह 2003 के बाद नियुक्त हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु सीमा भी 60 साल करने का आग्रह किया है।
महासचिव अमरजीत शर्मा, प्रेस सचिव जयपाल चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज में एक मिशनरी और महत्वपूर्ण कार्य है और एक डाक्टर का अपने सेवाकाल का जितना लंबा अनुभव होगा, उसका कार्यक्षेत्र भी उतना ही विस्तृत एवं प्रभावी होगा। ऐसी स्थिति में आयु सीमा कोई मायने नहीं रखती।
उन्होंने 2003 से पहले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लिए आयुसीमा 60 साल निर्धारित थी, लेकिन 2003 के बाद सरकार ने इसमें बदलाव करते हुए इस वर्ग के कर्मचारी के लिए आयुसीमा 60 से घटाकर 58 साल कर दी जो कि न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मसले पर सहानुभूतिपूर्वक पुनर्विचार कर चतुर्थ श्रेणी कर्मी के सेवाकाल की पुरानी स्थिति बहाल करने तथा उसकी आयुसीमा 58 से बढ़ाकर 60 करने का आग्रह किया।