जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि शिरकत कर मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान स्कूल की छात्राओं ने भंगड़ा, पहाड़ी नाटी, शास्त्रीय नृत्य, एकल गीत, आधुनिक नृत्य, समूह गायन सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन्हें उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि जीवन ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में आज देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आ खड़ा हुआ है। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 486 छात्राएं अध्ययनरत हैं। हेल्थ केयर लैब, टूरिज्म एवं हॉस्पिटेलिटी पाठ्यक्रम, कंप्यूटर एवं रिटेल ट्रेड लैब, अटल टिंकरिंग लैब छात्राओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए, बॉक्सिंग रिंग एवं जिम शारीरिक विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के हाथों छात्रा शैलजा, समृति, अनामिका, तनिशा, मन्नत, ईशिता, निहारिका, नव्या, कृतिका, शगुन, स्वाती, वर्षा, दिव्यांशी, अपराजिता, रिशिका, रिधी, कंगना, सिमरन, स्नेहा, कशिश, अपूर्वा, रिधिमा, कल्पना, आंचल, पायल, वंशिका, वनिता व अन्य को सालाना पारितोषिक वितरण समारोह में पुरस्कृत किया गया।
000