नगर निगम की साधारण बैठक में लिए अहम फैसले, वार्ड में गंदगी पर पार्षद को दिया चालान का अधिकार
बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास योजना से जोड़ने का निर्णय
महिला शौचालयों में लगाई जाएंगी सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम के तहत मर्ज एरिया के दो वार्डों को छोड़कर 13 वार्डों के लोगों को गारबेज शुल्क 50 के बजाय अब 70 रुपये चुकाना होगा। गृहकर बिल भी पूरा भरना होगा। निगम ने गृह कर में 10 फीसदी छूट को खत्म कर दिया है। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में हुई महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा और आयुक्त एचएस राणा की अध्यक्षता में साधारण बैठक इन पर फैसला लिया गया।
बैठक में नगर निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने पर भी मंथन किया गया। इसके तहत सफाई शुल्क, त्योहारी वेंडिंग जोन में तहबाजारी को 20 रुपये बढ़ाया गया। बैठक में सबसे अहम फैसला वार्डों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर लिया गया। इसके तहत अब वार्ड में गंदगी फैलाने वालों का अधिकारियों के साथ पार्षद भी चालान कर सकेंगे। बैठक में निगम क्षेत्र के बेरोजगार युवक व युवतियों को कौशल विकास योजना से जोड़ कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही निगम के क्षेत्राधिकार में कुछ महिला शौचालयों में ट्रायल के तौर पर सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने का भी फैसला लिया।
बैठक में महापौर ने कहा कि नगर निगम के क्षेत्राधिकार में विकासात्मक कार्याें को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस पर उन्होंने सदन में निर्देश दिए कि विकासात्मक कार्याें की गुणवत्ता की जांच की जाए। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम के तहत 56 लाख की धनराशि विकास कार्याें के लिए प्राप्त हुई है। जल्द ही वार्डाें में प्राकलन तैयार कर विकासात्मक कार्य करवाए जाएंगे।
बैठक में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में 17 सितंबर से 1 अक्तूबर 2024 तक शहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त विकास शर्मा, अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, सहायक अभियंता एचसी जसवाल, उपमहापौर माधूरी कपूर, पार्षद अलकनंदा हांडा, सोमेश उपाध्याय, राजेंद्र मोहन, वीरेंद्र सिंह आर्य, सुदेश कुमारी, हरदीप सिंह, सुमन ठाकुर और अन्य मौजूद रहे।
बॉक्स
मंदिरों को लेकर लिए अहम निर्णय
बैठक में निर्णय लिया कि शहर के मंदिरों और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों व पत्थर वाले मंदिरों में रंग रोगन आदि न करने के लिए पुजारियों और संचालकों से संवाद कर विशेष अपील की जाएगी। शहर के समस्त धरोहरों की जानकारी आम जनता व पर्यटकों तक पंहुचाने के लिए एक कॉफी टेबल बुकलेट प्रकाशित की जाएगी। टांकरी लिपि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जल्द कार्यशाला लगाने और शहर के मुख्य स्थानों पर बनी दीवारों, डंगों आदि पर चित्रकारी करवाकर शहर की सुंदरता को बढ़ाने का निर्णय लिया। साथ ही आईआईटी के माध्यम से मंदिरों की कार्बन डेटिंग करने पर भी मंथन किया।
मंडी नगर निगम में आयेाजित बैठक की अध्यक्षता करते महापौर वीरेंद्र भट्ट व उपमहापौर माधुरी कपूर।सं
मंडी नगर निगम में आयेाजित बैठक की अध्यक्षता करते महापौर वीरेंद्र भट्ट व उपमहापौर माधुरी कपूर।सं