सुंदरनगर के पौड़ाकोठी पंचायत के मसेरन गांव में जलकर राख हुआ मकान। स्त्रोत- जागरूक पाठक
सोमवार रात की घटना, अंदर रखा सामान जला, शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग लगने का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की पौड़ाकोठी पंचायत के मसेरन गांव में अचानक आग लगने से तीन भाइयों का 16 कमरों का घर जलकर राख हो गया। आग लगने का पता चलते ही परिजनों ने महिलाओं और बच्चों समेत स्वयं बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। थोड़ी ही देर में आग ने इतना भयंकर रूप ले लिया। घर के सदस्यों को अंदर से कोई भी सामान बाहर निकालने का मौका भी नहीं मिला।
सोमवार रात करीब 12 बजे हुई इस घटना के बारे पता चलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। मकान लकड़ी से बना और काफी पुराना स्लेटनुमा होने के कारण पूरा घर 15 से 20 मिनट में राख के ढेर में बदल गया। दमकल विभाग का कार्यालय गांव से करीब 30 किलोमीटर दूर होने के चलते किसी ने उन्हें बुलाना ही उचित नहीं समझा। इस मकान में मसेरन गांव के इंद्र कुमार, रघुनाथ और रमेश कुमार अपने परिवार के साथ रहते थे।
इंद्र कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से एक धमाका हुआ और उस स्थान पर तुरंत आग लग गई। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को उठाया और बाहर निकलने को कहा। थोड़ी सी देर हो जाती तो जानी नुकसान भी हो सकता था। उपमंडल प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत के साथ दो-दो तिरपाल, पांच-पांच कंबल के साथ बर्तन और राशन भी उपलब्ध करवाया है। घटना में कितना नुकसान हुआ है, यह अभी तक आकलन किया जा रहा है। वहीं पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को अपनी ओर से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।
सुंदरनगर के पौड़ाकोठी पंचायत के मसेरन गांव में जलकर राख हुआ मकान। स्त्रोत- जागरूक पाठक