राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी परिसर में बीबीए विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक उत्सव मैन
वल्लभ कॉलेज में मैनेजमेंट इकोज के पहले दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम
विद्यार्थियों ने नृत्य और गायन से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सपनों को उड़ान देने और नशे से दूर रहने के संदेश के बीच वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में बीबीए विभाग के दो दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘मैनेजमेंट इकोज’ का पहला दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रहा। विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, बॉलीवुड डांस, पंजाबी प्रस्तुतियों और पारंपरिक पहाड़ी नाटी के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, अर्चित बिष्ट, नितिन संतोषी और कबीर की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का आगाज शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य शैलियों और गायन के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘बॉयज फनी डांस’ ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, जबकि पारंपरिक पहाड़ी नाटी ने हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। लोकधुनों की लय पर थिरकते विद्यार्थियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
संगीत और मनोरंजन से सजी इस संध्या में अर्चित बिष्ट, नितिन संतोषी और कबीर की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। बीबीए विभाग की प्राध्यापिका डॉ. प्रवीण सोंखला के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में प्राध्यापिका परिणिता और सपना ने सहयोग दिया। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और प्रबंधन कौशल विकसित करने का अवसर भी प्रदान किया। प्राचार्य प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया।