सुंदरनगर (मंडी)। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर सुंदरनगर के चमुखा के निकट लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घर से नीचे फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी की ओर से आधे अधूरे डंगे लगाए हैं। डंगे से ऊपर घर तक काफी कच्ची मिट्टी रह गई।
इससे उनके घरों और आंगन में दरारें आ गई हैं। मकान गिरने के कगार पर हैं। लोगों ने कई बार एनएचएआई को मौखिक और लिखित शिकायत की लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि एनएचएआई ने डंगे भी अपनी मनमर्जी से लगाए हैं। लोगो ने चेताया कि अगर घरों को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन के साथ एनएचएआई की होगी। स्थानीय प्रशासन से लेकर प्रधानमंत्री, सड़क परिवहन मंत्री को भी पत्र लिखा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है, जांच की जाएगी। संवाद