संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। नाचन में अब गांवों की भागीदारी से जंगलों का दायरा बढ़ाया जाएगा। महिला मंडल, युवक मंडल और स्वयं सहायता समूह पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी करेंगे। नाचन वन मंडल ने 107 हेक्टेयर वन भूमि पर पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसके लिए 61 सामुदायिक समूहों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पौधों को सुरक्षित रखना और अधिक से अधिक संख्या में उन्हें जीवित रखना भी समूहों की जिम्मेदारी होगी।
प्रति हेक्टेयर पौधरोपण और तारबंदी के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अगले वर्ष जीवित पौधों की संख्या के आधार पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान है। वन विभाग समूहों को पौधे निशुल्क उपलब्ध करवाएगा।
पौधों की सुरक्षा के लिए कंटीली तार समेत आवश्यक सामग्री भी विभाग की ओर से मुहैया करवाई जाएगी। इससे ग्रामीणों को पौधरोपण के साथ-साथ वन संरक्षण से सीधे जोड़ा जा रहा है।