मंडी। जिले में दो माह बाद सोमवार से मौसम करवट बदल सकता है। इससे जिले के ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग केंद्र शिमला ने इसकी संभावना जताई है। इसके बाद चार से सात दिसंबर तक मौसम के शुष्क रहने का भी अंदेशा जताया है।
जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान सुंदरनगर में 4.5 और मंडी में 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। जिले में सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप जारी है।
मंडी, बल्ह और सुंदरनगर में धुंध का प्रकोप जारी है। इससे रात के समय में पारे में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। 2016 के बाद दूसरी बार है, जब नवंबर में एक दिन भी बारिश नहीं हुई है। इससे जिलेभर में किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले में 60 फीसदी क्षेत्र में अभी तक गेहूं की बिजाई कार्य पूरा नहीं हो पाया है। संवाद