नवंबर में लखनऊ में होगी नॉर्थ जोन क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के पांच होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी की पुरुष क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ी नवंबर माह में लखनऊ में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन क्रिकेट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी चयनित खिलाड़ियों की सूची में मंडी कॉलेज के पांच खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों ने सरकाघाट कॉलेज में आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की थी। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें विश्वविद्यालय की टीम में स्थान मिला है।
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू पाठक ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में सौरभ ठाकुर, करण, सारंग गुलेरिया, आदित्य और दुपेश राणा शामिल हैं। इनमें सौरभ ठाकुर, करण और सारंग गुलेरिया का चयन बल्लेबाज के रूप में हुआ है। वहीं आदित्य बल्लेबाज एवं विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे।
दुपेश राणा को मीडियम फास्ट गेंदबाज के रूप में टीम में शामिल किया गया है। पांचों खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। अब लखनऊ में होने वाली नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों के सामने विश्वविद्यालय की टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।