लडभड़ोल (मंडी)। तहसील लडभड़ोल के सनाहली गांव में जल शक्ति विभाग की पेयजल आपूर्ति में नलों से मछलियां और कीड़े निकल रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिनों से नलों में मछलियां और कीड़े निकल रहे हैं। इससे जल जनित रोगों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीण रूप चंद ने जल शक्ति मंडल चौंतड़ा के अधिशासी अभियंता को लिखित में शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि गांव में विभाग की पेयजल आपूर्ति लाइन से गंदगी निकल रही है। नलों में मछलियां और कीड़े देखकर ग्रामीण पानी का उपयोग करने से डर रहे हैं, जिससे उन्हें स्वच्छ पेयजल के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि या तो विभाग के मुख्य जल भंडारण स्रोत में कोई गड़बड़ हुई है या फिर आपूर्ति पाइपलाइन में कोई बड़ी खराबी आ गई है। इस कारण यह गंदगी घुलकर सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रही है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के उच्चाधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।
इस बारे में जल शक्ति विभाग उपमंडल लडभड़ोल के सहायक अभियंता एसके नाग ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। जिस गांव में समस्या आ रही है उस गांव में पानी की सप्लाई रोक कर ब्लीचिंग पाउडर डलवाया जाएगा। संवाद