मंडी। दिल्ली से लग्जरी गाड़ी में परिवार को लेकर मनाली जा रहे एक पर्यटक को पुलिस से चालाकी करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने चालक को सबक सिखाते हुए उसका चालान काट दिया। दरअसल औट ट्रैफिक पुलिस ने जोखणी मंदिर के पास नाका लगाया था। इस दौरान चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा तो उसने गाड़ी नहीं रोकी।
खुद को क्राइम ब्रांच से बताकर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने चालक का पीछा किया और खोतीनाला के पास उसे रोक लिया। वाहन को संपर्क मार्ग में लगाया। चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका भाई क्राइम ब्रांच में है। वह परिवार के साथ मनाली घूमने जा रहे हैं। औट पुलिस ने उस व्यक्ति का चालान काट दिया और नसीहत दी कि अगर कोई रुकने का इशारा करे तो जरूर रुक जाएं।
पर्यटक चालक ने अपनी गलती मानी और मामले को सुलझाया। बाद में जहां गाड़ी लगाई थी, उसका एक टायर गड्ढे में फंस गया। ऐसे में औट पुलिस के जवानों ने सौहार्द का परिचय देते हुए गाड़ी को धक्का लगाया और उसे गड्ढे से बाहर निकाला। औट पुलिस के जवान ने चालक को बाहर निकालकर खुद ड्राइव कर गाड़ी को फोरलेन तक पहुंचाया। औट थाना प्रभारी कर्ण सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने नियमों की अवहेलना पर चालान काटा है।