मंडी। हिमाचल किसान यूनियन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान उनका जोरदार स्वागत करेगी। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीता राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक गेहूं, धान व मोटे अनाज के समर्थन मूल्य, दूध के निर्धारित खरीद मूल्य और चंबा जौ के आटे व कच्ची हल्दी की तय दरों से किसानों को लाभ मिला है। मंडी में अनाज मंडी और छह नई सब्जी उपमंडियां खोलने की घोषणा भी किसानों की मांगों के अनुरूप है। जरलू सब्जी मंडी का निर्माण जल्द पूरा करने की बात भी कही गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के बल्ह आगमन पर सिविल जज और डीएसपी कार्यालय, कन्याओं के लिए कॉलेज और लेदा में आईटीआई शुरू करने की मांग रखी जाएगी। इसके अलावा सुकेती खड्ड का तटीकरण, टमाटर आधारित खाद्य प्रसंस्करण इकाई, धान के आधार बीज की उपलब्धता, प्रमाणित खरीद मूल्य में हर वर्ष 20 प्रतिशत वृद्धि और किसानों के एक लाख रुपये तक के ऋण माफ करने की मांग उठाई जाएगी। राजकीय माध्यमिक पाठशाला सोयरा को हाई स्कूल का दर्जा देने, कृषि विभाग में रिक्त एईओ पद भरने और शहरी क्षेत्रों में प्राकृतिक अनाज के बीज भंडार खोलने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी।