बोर्ड ने उपभोक्ताओं को दिया 15 दिन का समय
सहायक अभियंता बोले, 16.19 लाख रुपये बिल के रूप में फंसे
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल में बिजली बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। बोर्ड ने शेष 400 उपभोक्ताओं को 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। अगर उपभोक्ता इस अवधि में बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक गत दिनों बोर्ड की ओर से पांच सौ उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से एक सौ उपभोक्ताओं ने बिजली बिल के रूप में तीन लाख रुपये की राशि जमा करवा दी है। जबकि अभी भी करीब चार सौ उपभोक्ताओं से 16 लाख 19 हजार रुपये की राशि बकाया है। बिजली बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर अब सख्त कार्रवाई होगी। बिजली बोर्ड की डिफॉल्टर सूची में कुछेक सरकारी कार्यालय भी हैं, जिन्होंने पिछले तीन से चार माह का बिजली बिल जमा नहीं करवाया है।
बिजली बोर्ड तीसा के सहायक अभियंता अमर चंद ने बताया कि चार सौ उपभोक्ताओं को 15 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर काट दिए जाएंगे। बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और विभागीय राजस्व की भरपाई के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया है।