गोहर (मंडी)। बासा कॉलेज (गोहर) में चालू शैक्षणिक सत्र से बीएड (इंटीग्रेटेड) कक्षाएं शुरू होंगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशालय ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से दी है।
कॉलेज को एक सप्ताह के भीतर इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के लिए आवश्यक जानकारी और सिफारिशें निदेशालय को भेजने के लिए कहा गया है। प्रस्ताव में कॉलेज की शुरुआत, अधिग्रहण की तारीख, उपलब्ध बुनियादी ढांचा, विषयवार चल रहे पाठ्यक्रम, छात्रों की कुल संख्या, कक्षावार छात्रों का नामांकन, नए विषयों, पाठ्यक्रमों के लिए शिक्षण पदों की आवश्यकता आदि की जानकारी देनी होगी।
कॉलेज के प्राचार्य पूर्ण चौहान ने इस कदम को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। इससे स्थानीय छात्रों को शिक्षक प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। संवाद