24 घंटे सुविधाओं को संचालित रखने के लिए स्थापित होंगे सोलर पैनल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में स्मार्ट गोशाला बनाने की कवायद शुरू हो गई है। लावारिस मवेशियों के पशुचारे से लेकर सुविधाओं में विस्तार को लेकर गो संचालकों ने योजना का प्रारूप तैयार कर आयोग और सरकार से मंजूरी के साथ बजट खर्च करने को लेकर भी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। आधुनिक सुविधाओं को 24 घंटे संचालित रखने के लिए सोलर पैनल भी स्मार्ट गोशाला योजना के तहत लगेंगे। पीने के पानी की सुविधा में विस्तार और पशु चिकित्सा भी चुस्त-दुरुस्त होगी। मवेशियों को चरने के लिए हरियाली से भरा एक सुरक्षित वातावरण भी मिलेगा।
80 से अधिक मवेशी भराडू गोसदन में रखे हुए हैं, जहां इनकी संख्या को बढ़ाने के लिए नए भवनों का भी विस्तार होगा। बहरहाल भराडू गोसदन के संचालकों ने स्थानीय प्रशासन और राजनेताओं के माध्यम से बजट मंजूर करवाया है और आने वाले समय में भराडू गोसदन में स्मार्ट सुविधाओं का लाभ मवेशियों को मिलेगा।
सोमवार को भराडू गोसदन के अध्यक्ष विजय जमवाल और कोषाध्यक्ष अजय ठाकुर ने बताया कि 2012 से भराडू में चल रहे गोसदन को स्मार्ट बनाने के लिए योजना का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। गोसदन में सौर उर्जा से रोशनी और सर्दियों में पशुओं को हीटर की सुविधा का लाभ भी मिलेगा। गोसदनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सोलर सिस्टम के माध्यम से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होगी और बिजली के खर्च को कम करने के लिए सौर उर्जा के प्रयोग से पशुओं को सर्द मौसम में ठंड से बचाने के लिए भी संसाधनों का विस्तार होगा।