अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान ने सोमवार को नई शिक्षा नीति को लेकर उच्च प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नई शिक्षा नीति के तहत स्कूल की ओर से दिए जाने वाली प्रतिक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर भेजें।
अतिरिक्त मुख्य सचिव पीसी धीमान ने निर्देश दिए है कि ई-मेल के माध्यम से स्कूल मुखिया दो दिनों में नई शिक्षा नीति को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भेजें। स्कूल मुखिया विभाग की वेबसाइट से नई शिक्षा नीति को डाउनलोड करके अपनी प्रतिक्रिया तैयार करें। उक्त पॉलिसी में क्या उचित होना चाहिए? इसके बारे में जिले के उपनिदेशकों को अपना विवरण भेजना होगा। मामले में कोताही बरतने वाले लापरवाह स्कूल मुखिया के विरुद्घ कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।
शिक्षा विभाग ने नई शिक्षा नीति में 15 बिंदु निर्धारित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि नई शिक्षा नीति के तहत अभिभावकों, जनमानस, संगठनों की ओर से अपने सुझाव दिए जा रहे हैं। ताकि नई शिक्षा नीति को बेहतर बनाया जा सके और बच्चों केे गुणवता आधारित शिक्षा मिल सके।
इधर, इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुशील पुंडीर ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव पीसी धीमान ने सख्त निर्देश दिए हैं कि स्कूल मुखिया अपनी प्रतिक्रिया उपनिदेशक कार्यालय को समय पर भेजे। जिससे उक्त रिपोर्ट को समयानुसार निदेशालय को प्रेषित किया जा सके। लापरवाह स्कूल मुखियाओं के विरुद्घ नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।