जोगिंद्रनगर (मंडी)। शुष्क ठंड बढ़ने से निमोनिया और फेफड़ों के संक्रमण के मरीज बढ़े हैं। इससे ओपीडी भी ज्यादा दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों से एहतियात बरतने का आह्वान किया है।
विशेषज्ञों ने मरीजों को सीने में दर्द को नजरअंदाज न करने का आह्वान किया है। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में तैनात मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. तेजेंद्र ने कहा कि एक मरीज को सीने के दर्द के चलते हार्ट अटैक के लक्षण मिले हैं।
उसे अस्पताल में उपचार मिलने से जीवनदान मिला है। गले में खराश, सर्दी, खांसी और वायरल फीवर के 50 प्रतिशत मरीज उपमंडल के विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। कोहरे और सुबह-शाम ठंड से तापमान में गिरावट आने से हृदय और सांस रोगियों की दिक्कतें बढ़ी हैं। जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल, चौंतड़ा और स्थानीय अस्पताल में रोजाना 400 से अधिक मरीजों में सौ मरीज निमोनिया और फेफड़ों के संक्रमण से ग्रसित पाए जा रहे हैं।
....
शुष्क ठंड में बीमार पड़ रहे मरीजों को अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य लाभ की सुविधा स्वास्थ्य विभाग ने उपलब्ध करवा रखी है। अस्थमा और हृदय रोगियों को भी सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। फेफड़ों के संक्रमण के मरीजों को आवश्यक सावधानी बरतने का आह्वान किया जा रहा है।
-डॉ. दीपाली शर्मा, सीएमओ मंडी
000