मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा है कि समझौता ज्ञापन के तहत संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रम उच्च शिक्षा में सहयोग, शोध और बौद्धिक साझेदारी की उस संस्कृति को सुदृढ़ करता है, जो आज के ज्ञान-आधारित समाज की अनिवार्यता है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की समझौता ज्ञापन के तहत संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रम की यह पहल न केवल विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक संबंधों को सुदृढ़ करती है बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर शोध, नवाचार और बौद्धिक सहयोग को भी नई दिशा प्रदान करती है।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी से पहली बार संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने 6 से 12 जनवरी तक सरदार पटेल विश्वविद्यालय वल्लभ विद्यानगर, आनंद (गुजरात) में शैक्षणिक सहभागिता की। यह कार्यक्रम दोनों विश्वविद्यालयों के मध्य संपन्न हुए समझौता ज्ञापन के तहत आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने इतिहास विभाग में सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व, राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका तथा उनके सामाजिक कार्यों पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किए। संवाद