मंडी। सुक्खू सरकार के तीसरे बजट में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं भाजपा के गढ़ माने जाने वाले मंडी जिले को कई सौगात मिली हैं। मंडी में ड्रोन सेंटर, डे बोर्डिंग स्कूल, आईस स्केटिंग रिंक खुलेंगे। नाचन हलके के रजवाड़ी में हिमुडा कॉलोनी बसाई जाएगी। मंडी जिले से कांग्रेस का एकमात्र धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर हैं। यहां राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए सुक्खू सरकार ने कई घोषणाएं की हैं। इससे विधायक चंद्रशेखर का भी राजनीतिक कद बढ़ा है।
वित्तीय वर्ष 2025-2026 में मंडी जिले में डेयरी विकास के लिए धनराशि खर्च होगी। इसके तहत दुग्ध उत्पादकों और तकनीकी व्यक्तियों को प्रशिक्षण और दूध खरीद इकाइयों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। सरकाघाट, जोगिंद्रनगर और सराज में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल विकसित किए जाएंगे।
ड्रोन से नैनो खाद छिड़काव कार्य में मंडी जिला बेहतर करके दिखा रहा है। ड्रोन के जरिये मंडी जिला के किसान भी खाद छिड़काव में रुचि दिखा रहे है। आगामी वित्तीय वर्ष के दौरान विभिन्न तरह की सामग्री जैसे कृषि उत्पाद और दवाइयों को ड्रोन के जरिये पहुंचाने के लिए ड्रोन टैक्सी सेवा मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए मंडी में ड्रोन स्टेशन स्थापित होगा। यह ड्रोन तकनीक में अहम कदम होगा। इससे स्थानीय किसानों को ड्रोन से जुड़ी हर तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जोगिंद्रनगर और करसोग में पेयजल योजनाओं का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसी के साथ मंडी जिले के प्रमुख कस्बों में सीवरेज कार्य भी शुरू होगा। इससे आम जनता को सहूलियत मिलेगी। कांगू में 220 केवी सब-स्टेशन के कार्य को पूर्ण करने का इस वर्ष लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा धर्मपुर में 132 केवी के दो सब-स्टेशन के कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
0000