जोगिंद्रनगर सरकाघाट सड़क मार्ग पर मच्छयाल में लगभग बनकर तैयार हुआ पुल। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क पर मच्छयाल में छह करोड़ से तैयार डबललेन पुल पर जून से वाहन आर-पार होंगें। 40 मीटर लंबा स्पैन पुल बो-स्टिंग तकनीक के साथ बनाया गया है। पुल पर पैदल चलने वालों के लिए चार फीट का फुटपाथ भी दोनों तरफ बनाया गया है।
एक समय में सौ से अधिक लोग इस पुल से पैदल भी आर-पार हो सकेंगें। धनुष आकार के इस पुल पर मालवाहक भारी वाहन भी आसानी से गुजरेंगें। इससे पहले यहां पर बने पुल में भारी वाहनों का प्रवेश नहीं हो पाता था। सिंगल लेन पुल में वाहनों की आवाजाही के दौरान जाम की समस्या पेश आती थी, उससे भी राहत मिलेगी।
जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क पर बने अब तक के इस सबसे बड़े पुल की आधारशिला दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा ने रखी थी और 2017 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसी बीच बरसात के दौरान पुल की शटरिंग बह जाने से इसका निर्माण कार्य कुछ माह के लिए ठप हो गया था, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग की देखरेख में इस पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद पुल का उद्घाटन होगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने बताया कि डबललेन पुल का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया है। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद जून में वाहनों की आवाजाही के लिए इसका इस्तेमाल हो सकेगा।